ईदगाह पर पहुंचे डीएम, एससपी
मेरठ। जुमा अलविदा पर शुक्रवार को शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। ईदगाह और अन्य स्थानों पर पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। बृहस्पतिवार को शहर और देहात में पुलिस अधिकारियों ने फोर्स के साथ फ्लैग मार्च निकाला।
ईदगाह में अलविदा नमाज और और ईद के दिन होनी वाली नमाज के संबंध में डीएम समीर वर्मा, एसएसपी जे. रविंदर गौड, एडीएम सिटी मुकेश चंद, एसपी सिटी एमएस चौहान ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधीनस्थों को दिशा निर्देश दिए। ईदगाह पर डीएम, एसएसपी ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों, पीएसी व पैरामिलिट्री के साथ तैयारियों का जायजा भी लिया। एसएसपी ने कहा कि ईदगाह की सुरक्षा में डॉग स्क्वाएड और बम निरोधक दस्ता भी रहेगा। उन्होंने संदिग्ध लोगों पर नजर रखने को कहा।
वहीं, एसपी सिटी और सीओ कोतवाली ने पीएसी के जवानों के साथ घंटाघर, देहली गेट, खैरनगर, बुढ़ाना गेट, इंदिरा चौक और हापुड़ अड्डे पर फ्लैग मार्च निकालते हुए वाहनों की चेकिंग की। एसपी देहात राजेश कुमार ने सरधना क्षेत्र में पैरामिलिट्री फोर्स के साथ फ्लैग मार्च निकाला।