यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में बेटियां फिर आगे रहीं। 10वीं में एसडीएस इंटर कॉलेज कंचनपुर घोपला की रूपाली 91.50 प्रतिशत अंकों के साथ जिले की टॉपर बनीं। इंटर में शास्त्रीनगर स्थित बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर की अनन्या गुप्ता 93.80 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद में अव्वल रहीं।
हाईस्कूल में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज धनपुर के ऋतिक यादव और एमएस इंटर कॉलेज रिठानी के हर्ष कुमार 91.33 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से जिले में दूसरे स्थान पर रहे। अनुपमा हायर सेकेंड्री स्कूल भावनपुर की स्वाति अधाना 91.17 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इंटरमीडिएट में शास्त्रीनगर स्थित बालेराम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर की रितिका गुप्ता 93.60 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि फलावदा के पास नागौरी के एस सोनी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की प्रियांशी 91.0 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
ईस्कूल में 50087 छात्र पंजीकृत थे, इनमें से 45553 ने परीक्षा दी, 37380 पास हुए। 12वीं में 44202 छात्र पंजीकृत थे, 42050 ने परीक्षा दी और 35050 छात्र पास हुए। जिले में हाईस्कूल का रिजल्ट 82.06 प्रतिशत और इंटरमीडिएट का 83.35 प्रतिशत रहा। प्रदेश में हाईस्कूल में मेरठ का 34वां स्थान रहा, जबकि इंटर में 38वां। पिछले साल मेरठ हाईस्कूल में प्रदेश में 37वें और इंटर में 50वें स्थान पर था। वर्ष 2016 में इंटरमीडिएट का रिजल्ट 88.45 प्रतिशत और हाईस्कूल का रिजल्ट 87.50 प्रतिशत था।