मेरठ। ग्रामीण क्षेत्र (देहात) के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें बस पकड़ने के लिए मीलों पैदल चलने या डग्गामार वाहनों के भरोसे रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत परिवहन निगम ने मेरठ और सोहराबगेट डिपो की लगभग 10 जनता बसें देहात की सड़कों पर उतार दी हैं। ये बसें जिले के 70 से अधिक गांवों तक पहुंचना शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि इन बसों का किराया सामान्य बसों की तुलना में 20 प्रतिशत सस्ता रखा गया है।
शासन ने मेरठ में कुल 13 मार्गों पर जनता बस चलाने के निर्देश जारी किए हैं ताकि देहात के अंतिम छोर तक सरकारी परिवहन की सुविधा पहुंच सके। इस योजना को सफल बनाने के लिए सरकार ने जहां यात्रियों को किराए में भारी छूट दी है वहीं इन बसों के चालकों और परिचालकों के मानदेय में भी बढ़ोतरी कर उनका उत्साह बढ़ाया है। मेरठ डिपो ने पहले चरण में पांच प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है।
ये बसें इन गांवों से होकर गुजरेंगी
1. मेरठ से खेकड़ा मार्ग: यह बस जानी, कुराली, डालूहेड़ा, बलैनी, पिलाना भट्ठा, अमीनगर सराय और पांची होते हुए खेकड़ा तक का सफर तय करेगी।
2. मेरठ से भोला सतवई मार्ग: इस बस से खड़ौली, पेपला, शेखपुरी, भोला झाल, खानपुर और लोहड्डा के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
3. मेरठ से लोहड्डा मार्ग: यह बस मलियाना, पांचली, जानी खुर्द, सिवाल और खानपुर होते हुए लोहड्डा तक जाएगी।
4. मेरठ से निरपुड़ा मार्ग (सबसे लंबा रूट): यह बस जंगेठी, दबथुआ, नानू, काकेपुर, भूनी चौराहा, छुर, गोटका, पांचली, पारसी, सरोरा, नमवा, इटावा, बिटावदा, बावाला, मिडकाली और भड़ल के यात्रियों को लेकर निरपुड़ा तक चलेगी।
5. सिवाया से मोदीनगर मार्ग: इस मार्ग पर चलने वाली बस मोदीपुरम, जटौली, कंकरखेड़ा, शोभापुर, खड़ौली, सुभारती, परतापुर, भूड़बराल और गोविंदपुरी होते हुए मोदीनगर तक यात्रियों को सेवा प्रदान करेगी।
देहात की जनता को उनके गांव के बाहर से ही परिवहन निगम की बसों की सुविधा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण जनता बस सेवा की शुरुआत की गई है। मेरठ और सोहराबगेट डिपो की गाड़ियां सड़कों पर उतार दी गई हैं। इन बसों में यात्रियों को अन्य बसों के मुकाबले 20 प्रतिशत कम किराया देना होगा, जो उनके लिए बड़ी आर्थिक राहत है। आसिफ अली, प्रभारी, मेरठ डिपो