सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में आर्थिक आधार पर कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को दाखिले में 10 फीसदी सीटें बढ़ाने पर शनिवार को मुहर लग गई। छात्र-छात्राओं को यूजी कोर्सों के साथ पीजी में लाभ मिलेगा। इससे मेरठ और सहारनपुर मंडल के कॉलेजों में 14 हजार सीटें और बढ़ जाएंगी। कॉलेजों की संबद्घता विस्तारण और 244 कोर्सों को संबद्घता प्रदान की गई है।
कैंपस में शनिवार को कार्य परिषद की बैठक हुई। इसमें 11 शोध छात्रों को शोध उपाधि प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त कुश्ती प्रशिक्षक डॉ. जबर सिंह सोम का एक वर्ष के लिए कार्य विस्तार किया गया है।
महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफशनल स्टडीज पिलखुआ, हापुड़ के सचिव के पत्र के अनुसार संस्थान में संचालित बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों की संबद्धता समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। उसे कार्य परिषद द्वारा स्वीकार कर संबद्धता समाप्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में विवि परिसर में संविदा पर नियुक्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के एकरूपता लाते हुए तृतीय श्रेणी में 18000 तथा चतुर्थ श्रेणी में 15000 रुपये करने का निर्णय लिया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण के अनुपालन में उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश के संदर्भ में विवि की कार्य परषिद ने उक्त शासनादेश को प्रवेश प्रक्रिया में सम्मिलित करने का निर्णय लिया। प्रत्येक पाठ्यक्रम में उपलब्ध सीटों के अनुपात में 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें बढ़ाए जाने की संस्तुति की गई। अभी तक यूजी कोर्सों में 142851 सीटें हैं। 10 फीसदी सीटें बढ़ाए जाने पर 14 हजार सीटें नई बढ़ जाएंगी। जिसके बाद कुल सीटें 1 लाख 57 हजार से अधिक हो जाएंगी। 244 नए पाठ्यक्रमों-कॉलेजों को संबद्धता-संबद्धता विस्तारण किए जाने का निर्णय लिया गया। कैंपस में कॉमर्स विभाग को नाम मिल गया। अब तक बीकॉम और एमकॉम, एमबीए की बिल्डिंग में चल रहे थे। अब अब इसे डिपार्टमेंट ऑफ कॉमर्स का नाम दे दिया गया है। कुलपति प्रो. एनके तनेजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में डॉ. दर्शन लाल अरोड़ा, प्रति कुलपति प्रो. वाई विमला, कुलसचिव धीरेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. जितेंद्र ढाका, प्रो. भूपेंद्र सिंह, प्रो. एसएस गौरव, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, प्रो. असलम जमशेदपुरी, वित्त अधिकरी सुशील गुप्ता और डॉ. प्रशांत कुमार मौजूद रहे।