उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में ब्लैक फंगस के 10 और नए मरीज मिले हैं। अब तक कुल 220 मरीज मिल चुके हैं। बुधवार को पांच मरीजों की छुट्टी हुई है। अब तक 77 मरीजों की उपचार के बाद छुट्टी हो चुकी है। वहीं जिले में अब 125 सक्रिय मामले हैं, जबकि 18 की मौत हो चुकी हैं।
मेडिकल में 97 मरीजों का इलाज चल रहा है। 41 मरीज कोविड पॉजिटिव और 56 निगेटिव हैं। इनमें से 15 मरीज आईसीयू में गंभीर अवस्था में हैं। ब्लैक फंगस (म्यूकर माइकोसिस) के 16 मरीजों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है। मेडिकल में ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए 100 बेड का वार्ड तैयार किया गया था, वह भी अब लगभग फुल हो चुका है। इसी तरह से मरीज बढ़ते रहे तो ब्लैक फंगस के मरीजों के लिए कोविड-19 ब्लाक में व्यवस्था करनी पड़ेगी।
प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि कोविड-19 ब्लाक में कोरोना के 40 मरीज भर्ती हैं, जबकि वहां ढाई सौ बेड की व्यवस्था है। ऐसे में जरूरत पड़ी तो उस ब्लाक में भी ब्लैक फंगस के मरीजों की व्यवस्था की जाएगी। ब्लैक फंगस के कोविड पॉजिटिव और नॉन कोविड मरीजों को अलग-अलग रखा गया है।
कोरोना के 78 मरीज मिले, सात की मौत
मेरठ में कोरोना संक्रमण की रफ्तार पहले से कम हुई है। कोरोना के 78 नए मरीज मिले हैं, जबकि सात की मौत हो गई। बुधवार को 8513 सैंपलों की जांच हुई। अब जिले में 1767 सक्रिय मामले हैं। अब तक 65442 लोगों को कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण से 785 लोगों की मौत बता रहा है। वहीं बुधवार को 284 मरीजों की छुट्टी हुई है। अब तक 55262 मरीजों की छुट्टी हो चुकी है।
उधर, गांवों में भी कोरोना कम होने लगा है। बुधवार को 2828 लोगों की जांच की गई, इनमें 23 कोरोना पॉजिटिव निकले। अब देहात में 538 सक्रिय मामले हैं। 149 को मेडिकल किट बांटी गई। 224 गांव ऐसे हैं, जहां कोरोना के मरीज हैं। वहीं 354 ऐसे गांव हैं, जहां कोरोना के मरीज नहीं हैं।