हैंडपंप पर पीने के पानी के लिए लगी महिलाओं और बच्चों की लाइन
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ में रोहटा रोड स्थित गोलाबढ़ गांव में डेढ़ लाख लोग पीने के पानी के लिए तरस गए हैं। पांच दिन से टूटी पड़ी लाइन को जोड़ने के लिए नगर निगम, डूडा और राजकीय निर्माण निगम एक दूसरे के पाले में गेंद डाल रहे हैं। पानी न मिलने से परेशान जनता हैंडपंपों का दूषित पानी पीने के लिए मजबूर है।
गोलाबढ़ गांव नगर निगम के नए वार्ड 22 के अंतर्गत आता है। गांव में साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए डूडा ने ट्यूबवेल लगाया। इसके संचालन की जिम्मेदारी अभी तक राजकीय निर्माण निगम के पास है। गत शनिवार को ट्यूबवेल के निकट पानी की पाइप लाइन फट गई। इससे पूरे गांव की जलापूर्ति ठप हो गई। लोगों को पाने का पानी नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है। इस संबंध में समाजसेवी भरत सिंह सैनी का कहना है कि नगर निगम और डूडा में टूटी पाइप लाइन को ठीक करने के लिए प्रार्थना पत्र दे चुके हैं, लेकिन अधिकारी सुनने के लिए तैयार नहीं हैं।
हां आई थी शिकायत
टूटी पाइप लाइन की शिकायत आई थी। उप्र राजकीय निर्माण निगम को अवगत करा दिया गया है। -आरपी सिंह, परियोजना प्रबंधक डूडा।