यूजी में 1.30 लाख सीटें अभी भी खाली
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस और कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में अभी भी 1.30 लाख सीटें खाली हैं। दोबारा खोले गए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि में भी सिर्फ चार दिन बचे हैं। उसके बाद भी रजिस्ट्रेशन की संख्या नहीं बढ़ रही है।
सीसीएसयू के परिक्षेत्र में मेरठ-सहारनपुर मंडल के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दो लाख सीटें हैं। इन पर अब तक सिर्फ 69,329 छात्र-छात्राओं ने ही एडमिशन लिया है। विवि ने 20 नवंबर तक दोबारा रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल खोला हुआ है। सात से आठ हजार नए छात्र-छात्राओं ने ही रजिस्ट्रेशन किए हैं। वहीं, पीजी में भी रजिस्ट्रेशन की स्थिति अच्छी नहीं है। एमए में 6928, एमकॉम में 6861, एमएससी में 6754, एमएससी एजी में 2677 रजिस्ट्रेशन हुए हैं। एलएलबी को छोड़कर अधिकतर कोर्सों की स्थिति खराब ही है। पीजी में अभी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया दिसंबर तक चलेगी। स्नातक प्रथम वर्ष में जो नए छात्र-छात्राएं रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं, वे कॉलेजों का नाम नहीं भर रहे हैं। 20 नवंबर के बाद नए और पुराने रजिस्ट्रेशन वाले छात्र-छात्राएं अपनी लॉगइन आईडी से खाली ऑफर लेटर डाउनलोड करेंगे, जिन कॉलेजों में सीटें बची हैं, वहां ऑफर लेटर सीधे जमा कर एडमिशन लिया जा सकता है। एडेड और राजकीय कॉलेजों में गिनती की सीटें बची हैं, ऐसे में एडेड कॉलेज भरते समय देख लें कि वहां सीटों की स्थिति क्या है।