सौरभ हत्याकांड में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। साहिल क्रिकेट मैच और आईपीएल में सट्टे के पैसे लगाकर रकम जीतता था। इन रुपयों से खुद और मुस्कान को भी मौजमस्ती कराता था। साहिल सट्टे के पैसे किस बुकी के पास लगाया करता था, इसकी भी जानकारी पुलिस करने की बात कह रही है।
सौरभ हर महीने कभी 50 हजार तो कभी 25 हजार रुपये मुस्कान को खर्चे के लिए देता था। जिसमें वह अपना और बेटी पीहू का खर्च चला सके। जब भी रकम मुस्कान के खाते में ट्रांसफर करता था तो वह साहिल को जानकारी देती थी। साहिल उन पैसों को क्रिकेट मैच के सट्टे में लगाया करता था। बीते साल टी-20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्राफी में भी सट्टा लगाया था। इसके अलावा कई सालों से आईपीएल मैचों पर भी सट्टा लगा रहा था। अब आईपीएल पर रकम लगाने की तैयारी थी। इससे पहले वह जेल चला गया।
पड़ोस में रहने वाले लोगों ने भी बताया कि साहिल कोई नौकरी नहीं करता था, वह सट्टे में रकम लगाता था। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। सट्टे से जीते रकम के पैसों से भी खुद और मुस्कान को अय्याशी कराता था। कई बार ऋषिकेश और देहरादून समेत पहाड़ी इलाके में दोनों जाते थे।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि लंदन में जॉब के दौरान सौरभ मुस्कान को खर्च के लिए रुपये देता था। हत्या से पहले भी उसने एक लाख रुपये की रकम मुस्कान को दी थी। साहिल के जुए में रुपये लगाने की बात भी सामने आई है। रिमांड पर लेकर इन बिंदुओं को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
पुलिस की रडार पर नौ लोग
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि पुलिस की छानबीन में अभी तक नौ लोग सामने आए हैं। इन 9 लोगों में चार दुकानदार, एक डाक्टर, एक कैमिस्ट, कैब चालक, किराएदार और वह खाताधारक शामिल हैं, जिनके खाते में रकम ट्रांसफर की गई थी। ब्रह्मपुरी पुलिस सात लोगों से पूछताछ कर चुकी है। दो लोगों से पूछताछ होनी बाकी है। इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।