अमिला। दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अमिला-दरगाह मार्ग पर नवीन नगर गोफा में सोमवार की सुबह आकाश राजभर (20) का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। पुलिस इस घटना को आत्महत्या बता रही है, जबकि मां ने हत्या कर शव टांगने का आरोप लगाकर जांच की मांग की है।
थाना क्षेत्र के हेमई गांव निवासी दुर्गा देवी ने बताया कि उनके बेटे आकाश राजभर रविवार की रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए। सोने से पहले बेटे ने सोमवार को दोहरीघाट से जल भरकर भगवान शिव को अर्पित करने और हल्द्वानी जाने की बात कही थी। रात करीब नौ बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। सोमवार की सुबह उसके पिता नगदू राजभर खेत में घास काटने गए थे। खेत से कुछ दूरी पर स्थित आम के पेड़ पर शव लटका देख पास पहुंचे। बेटे का शव देख बदहवास होकर वहीं बैठ गए। सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। मां ने बताया कि बेटा उत्तराखंड प्रांत के हल्द्वानी जिले में रहकर फल बेचकर जीविकोपार्जन करते थे। सोमवार को ही वो जाने वाले थे। वो पांच भाइयों में सबसे बड़े थे, शादी नहीं हुई थी। मां ने आरोप लगाया कि 20 दिन पहले ही गांव के कुछ लोगों ने गोलबंदी की बात को लेकर आकाश के साथ मारपीट की थी। मामला थाने पहुंचा तो वहां सुलह समझौता करा दिया गया था।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के शरीर पर गले के अलावा कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।- जितेंद्र कुमार सिंह, सीओ घोसी
मृतक आकाश। फाइल फोटो