मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के कोइरियापार में बृहस्पतिवार की शाम प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक ने रणधीर पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली मिस होने से उसकी जान बच गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। प्राथमिकी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के पैकौली गांव निवासी रणधीर चौहान बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे कोइरियापार बाजार से घर जा रहे थे।
किसी काम से वह बाजार के बाहर स्थित अस्पताल के पास खड़े थे। तभी वहां पहुंचे बाइक सवार दो युवक किसी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
पीछे बैठे एक युवक ने तमंचा निकालकर रणधीर को निशाना बनाकर फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद वह सड़क से नीचे उतरकर खेत में गया और कारतूस भरकर दोबारा हवाई फायरिंग की, लेकिन वह भी मिस हो गई। स्थानीय लोगों के पहुंचने पर दोनों युवक बाइक छोड़कर वहां से भाग गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कोइरियापार गांव में रणधीर की मौसी रहती हैं। वहां आने-जाने के दौरान उसका किसी युवती से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। यह बात पूरे गांव में फैल गई तो युवती के घर के युवकों ने उसे जान से मारने के लिए गोली चलाई।
कोट-
सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। गांव के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई गई है। मामला पूर्व में युवती से की गई छेड़खानी का है, जिसको लेकर युवक पर हमला किया गया है। तहरीर के आधार पर दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे। -केके वर्मा, कोतवाल, मुहम्मदाबाद गोहना