हलधरपुर थाना क्षेत्र के इटौरा निवासी साइस्ता खातून ने अपने बेटे जिशान पर मारपीट कर उसे घायल अवस्था में हाथ-पैर बांधकर फेंकने के आरोप में एक नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ सरायलखंसी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि उसके बेटे जिशान की शादी गाजीपुर जनपद के जमाना क्षेत्र निवासी जन्नत नाज पुत्री आदिल के साथ हुई थी। वैवाहिक संबंध ठीक न होने के कारण मामला गाजीपुर में विचाराधीन है।
आरोप है कि इस मामले को लेकर गांव के पड़ोसी आरिफ खान व अन्य लोग उसे और उसके बेटे को धमकी दे रहे थे तथा 10 लाख रुपये और तलाक की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे।
पीड़िता के अनुसार बीते 29 जून को उसका बेटा कानपुर जा रहा था। रात करीब आठ बजे सरवां क्षेत्र में आरिफ खान व पांच अज्ञात लोगों ने उसे रोककर मारपीट की। इसके बाद उसे गंभीर हालत में हाथ-पैर बांधकर फेंक दिया गया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। इस संबंध में थाना प्रभारी घनश्याम यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है और प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।