दोहरीघाट थाना क्षेत्र के रामपुर उसरी खुर्द गांव में मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे करंट लगने से पंकज मौर्य (23) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जानकारी के अनुसार, पंकज मौर्य मंगलवार सुबह घर के बरामदे में लगे बिजली बोर्ड में टुल्लू पंप का प्लग लगा रहे थे। इसी दौरान कटा हुआ तार संपर्क में आने से करंट लग गया और वह जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। पंकज तीन भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी शादी नवंबर 2024 में अमृता मौर्य से हुई थी। उनकी पत्नी सात माह की गर्भवती हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।