हलधरपुर थाना क्षेत्र के डीह तिलक ठाकुर गांव में युवती के मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद जुटी भीड़।
जेल में बंद प्रेमी से शादी की जिद में युवती मंगलवार की दोपहर 12 बजे हलधरपुर थाना क्षेत्र के डीह तिलक ठाकुर गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस उसे समझाती रही, लेकिन वह जिद पर अड़ी रही।
तेज धूप होने पर करीब डेढ़ घंटे बाद वह खुद नीचे उतर आई। थाना प्रभारी निरीक्षक भगवान राम ने बताया कि बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के भंडारी गांव निवासी युवती रतनपुरा में अपने ननिहाल में एक माह से रह रही है। वह अचानक दोपहर 12 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उससे बातचीत की लेकिन वह मांग पर अड़ी रही। धूप होने पर डेढ़ घंटे बाद वह नीचे उतरी तो पुलिस उसे थाने ले आई। उसने बताया कि उसका प्रेमी नगरा निवासी विशाल पासवान किसी अपराध के मामले में बलिया जेल में बंद है। पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।