मऊ। विश्व योग दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन के परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पतंजलि योग समिति और युवा भारत परिवार के योग प्रशिक्षक टीम ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, निरोग, तनावमुक्त एवं प्रसन्नचित रहने के लिए योगाभ्यास कराया।प्रशिक्षकों ने शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखने के लिए योगाभ्यास कराया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि योग द्वारा न सिर्फ बीमारियों का उपचार किया जाता है, अपितु इसे अपनाकर कई शारीरिक और मानसिक कमियों को भी दूर किया जा सकता है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्रा, क्षेत्राधिकारी लाइन सोम प्रकाश वर्मा आदि शामिल थे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को सोनीधापा मैदान में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
रतनपुरा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रतनपुरा स्थित नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज के परिसर में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर पर नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ राकेश सिंह ओंकार, डॉ अभिमन्यु सिंह आदि शामिल थे।
करहां: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना की सभी 83 ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, खेल मैदानों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया।