मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा व तहसील क्षेत्र में होने वाली लक्ष्मी पूजा के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। पंडाल को विभिन्न प्रकार के आकर्षक रूप देने को लेकर क्लब के कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। रविवार को दीपावली के दिन पंडालों में लक्ष्मी व दुर्गा की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। तीन दिनों तक चलने वाली लक्ष्मी पूजा को देखने के लिए दूरदराज के जनपदों से भी लोग का आना होता है।
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा में होने वाली आकर्षक व ऐतिहासिक लक्ष्मी पूजा की तैयारी जोरों पर है। मुहम्मदाबाद गोहना व खैराबाद में कुल 69 स्थानों पर लक्ष्मी की मूर्तियां स्थापित की जाती है। इसके अलावा पूरे कोतवाली क्षेत्र में 139 स्थानों पर मूर्तिया रखी जाएगी।
दीपावली से एक सप्ताह पहले से ही विभिन्न क्लब के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पांडाल निर्माण में जुटे हैं। पंडालों को आकर्षक रूप देने व सजावट को लेकर क्लब के लोगों में होड़ लगी है। कोई क्लब गुफा में माता का दर्शन कराने की तैयारी कर रहा है तो कुछ क्लब पहाड़ आदि की झांकी के माध्यम से दुर्गा व लक्ष्मी का दर्शन कराएंगे।
सजावट को लेकर भी क्लबों में होड़ लगी है। रोडवेज, गांधी नगर, चौक, इदारतगंज, बाल क्लब, कारगिल क्लब नव दुर्गा क्लब आदि द्वारा सजावट व पंडाल निर्माण का कार्य किया जा रहा है। दीपावली के दिन पंडालों में प्रतिमाओं की स्थापना के बाद दो रात कस्बा में जबरदस्त भीड़ जमा होती है। इस बार भी पंडाल व सजावट को लेकर क्लबों के बीच होड़ मची है।