अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के भेलऊर चंगेरी निवासी एक महिला की शनिवार की देर रात जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए दोहरीघाट ले जा रहे थे कि महिला के पिता ने पुलिस को फोन कर बेटी की हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के भेलऊर चंगेरी निवासी मृतक विवाहिता सुनीता (34) पत्नी राम समुझ यादव अपने दो पुत्रों मनीष (14), रोशन (6) के साथ पीवाताल में रहती थी। पति दिल्ली में काम करता है। विवाहिता का ससुराल और मायका एक ही गांव भेलऊर चंगेरी में है। सन 2007 में दोनों भाग कर दिल्ली में शादी कर ली थी और वहां से आने के बाद गांव से दूर पीवाताल में मकान बनाकर रहने लगा। जहां लड़की के पिता रामसरन यादव ने बेटी को जहर देकर मारने का आरोप लगाया। वहां मृतका के बड़े पुत्र मनीष ने बताया कि शनिवार को दोपहर में मां की तबीयत खराब होने पर 108 नंबर एंबुलेंस को फोन हुआ। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़रांव ले गए, वहां से रेफर होने के बाद जनपद मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां रात में मौत हो गई। पुलिस ने लड़के के साथ ही लड़की के पिता का बयान दर्ज कर तहरीर ली और आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर कोतवाल घोसी, पुलिस चौकी इंचार्ज बोझी सुभाष यादव के साथ ही गांव के लोग उपस्थित रहे। इस बाबत कोतवाल घोसी का कहना है कि पोस्टमार्टम के पश्चात स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि आरोप में कितना दम है। इसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।