सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढुआ गोदाम स्थित निजी नर्सिंग होम में इलाज में लापरवाही से महिला की मौ?
- फोटो : MAU
मऊ/बढ़ुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढुआ गोदाम बाजार स्थित नर्सिंग होम में बच्चेदानी का ऑपरेशन होने के बाद महिला की हालत बुधवार की शाम खराब हो गई। परिवार के सदस्य उसे लेकर जब अस्पताल पहुंचे तो डाक्टर ने मरीज को वाराणसी रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव लेकर लौटे परिवार वालों ने बृहस्पतिवार को अस्पताल के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया। परिवार के सदस्यों ने प्रशासन से अस्पताल सीज कर लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है।
मृत महिला सुकनी देवी (40) पत्नी अनंत राजभर मूलरूप से गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के देऊपुर गांव निवासी थी। बढुआ गोदाम बाजार स्थित एक नर्सिंग होम में महिला के बच्चेदानी का आपरेशन 23 नवंबर को हुआ था। बुधवार को पीड़िता की हालत खराब पर उसे बढुआ गोदाम स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां परीक्षण करने के बाद डाक्टर ने मरीज को वाराणसी ले जाने की सलाह दिया। वाराणसी में इलाज के दौरान बुधवार की देर रात महिला की मौत हो गई। इससे नाराज महिला के परिवारीजन बृहस्पतिवार की सुबह अस्पताल के सामने वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय मार्ग पर जाम लगा दिए। परिजनों ने मांग किया कि रिपोर्ट दर्ज कर डाक्टर का लाइसेंस निरस्त कर उनके विरुद्घ मुकदमा दर्ज कराया जाए।
मृतका के पति ने बताया कि बीएचयू ले जाने पर पता चला कि डाक्टर ने पत्नी के पेशाब की नली का काट दिया है। डाक्टरों के प्रयास के बाद भी उसकी पत्नी की मौत हो गई। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ नगर नरेश कुमार और एसडीएम सदर निरंकार ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। जिससे दो घंटे बाद नौ बजे आवागमन शुरू हुआ। थानाध्यक्ष सरायलखंसी निहार नंदन ने बताया कि पीड़ित परिवार और डाक्टर के बीच सुलह होने के कारण कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। जो तहरीर पति ने दिया है, उस पर जांच कराई जा रही है। यदि जांच में लापरवाही मिली तो अस्पताल और डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।