मऊ। नवंबर खत्म होते-होते ठंड के साथ ही बीमारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है। सुबह-शाम की गुलाबी ठंड अब लोगों को बीमार कर रही है।
खांसी-जुकाम, वायरल बुखार, निमोनिया, अस्थमा और जोड़ों के दर्द के मरीज हर दिन बढ़ रहे हैं। लेकिन इस बार सबसे ज्यादा परेशान करने वाली बात बुखार नहीं, बल्कि बुखार के बाद की थकान है।
जिले के 42 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में ज्यादातर मरीजों की शिकायत एक जैसी थी। बुखार तो 3-4 दिन में उतर गया, लेकिन उसके बाद शरीर टूटा हुआ लग रहा है। हफ्तों तक थकान, जोड़ों में दर्द, सिर भारी रहना, भूख न लगना और थोड़ा सा चलने पर सांस फूलना बना हुआ है। जांच कराने पर रिपोर्ट सामान्य आ रही है, फिर भी मरीज खुद को बीमार महसूस कर रहा है। डॉक्टर इसे पोस्ट वायरल सिंड्रोम बता रहे हैं।
सीएमओ डॉक्टर पंकज राय के अनुसार वायरल बुखार के बाद शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। ऐसे में शरीर को पूरी तरह ठीक होने में 2 से 3 हफ्ते का समय लग रहा है। बुजुर्गों, अस्थमा के मरीजों, शुगर-बीपी के मरीजों और छोटे बच्चों में यह समस्या ज्यादा देखी जा रही है।
रविवार को 42 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले का आयोजन किया गया। सुबह से ही केंद्रों पर मरीजों की भीड़ जुट गई। मेले में कुल 1530 मरीजों का उपचार किया गया। इसमें पुरुष मरीजों की संख्या 709 और महिला मरीजों की संख्या 668 जबकि किशोर मरीजों की संख्या 153 रही।
मेले में सबसे अधिक मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरैयाकोट में आए, जहां 189 मरीजों का इलाज हुआ। वहीं सबसे कम मरीज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिघरापर रहे, जहां मात्र 7 मरीज पहुंचे। 37 मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।