मधुबन। पत्नी पहले से ही पति से गुजारा भत्ता ले रही थी। इसी बीच ग्राम प्रधान की मिलीभगत से उसने पति का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाकर विधवा पेंशन भी लेती रही। जानकारी होने पर पति की शिकायत व कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पत्नी सहित तीन पर मुकदमा दर्ज किया है।
मामला रामपुर थाना क्षेत्र के लखनौर गांव का है। दर्ज मुकदमे के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के लखनौर निवासी पवन साहू ने बताया कि उसकी शादी 29 मई 2014 को मधुबन थाना क्षेत्र के चकऊथ निवासी छेदी गुप्ता की पुत्री ममता के साथ हुई थी। शादी के बाद ममता ने पुत्र को जन्म दिया। कुछ समय बाद दोनों में अनबन के चलते ममता ने मऊ न्यायालय में भरण पोषण का मुकदमा दाखिल किया।
न्यायालय के आदेश पर पवन हर माह पत्नी को 3000 और पुत्र को 2000 रुपये भरण पोषण के लिए देता है। इसी बीच चकऊथ ग्राम पंचायत के वर्तमान ग्राम प्रधान गोपी और दशरथ फर्जी तरीके से पवन साहू का मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर उसकी पत्नी का विधवा पेंशन के लिए आवेदन कर दिया। पति के जीवित रहते ही विधवा पेंशन योजना के तहत हर तीन माह पर 3000 रुपये का लाभ उठा रही है।