मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के शीतला माता मंदिर में चोरी का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने बुधवार की रात में मुख्य एक आरोपी को कासिम पोखरी के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपी ने बताया कि मंदिर में दर्शन करने गया तो कीमती गहने देखकर चोरी का प्लान बनाया था। पुलिस ने आरोपी के पास से मंदिर के गर्भगृह से चोरी हुए 97 फीसदी आभूषण किया है। वहीं दूसरा आरोपी अब भी फरार है। इसकी जानकारी शहर कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी महेश सिंह अत्री ने दी।
एएसपी ने बताया कि बीते तीन मार्च को शीतला माता मंदिर से दो चोर सोने का मुकुट, सोने का हार सहित कीमती दूसरे आभूषण को गर्भगृह का ताला तोड़कर चोरी कर लिए थे। इस मामले में एसपी के निर्देश पर गठित तीन टीमें खुलासा करने में लगी थी। बताया कि बीते बुधवार की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर चोरी के आभूषण के साथ भागने की फिराक में कासिम पोखरी के पास है।
गठित तीन टीमों ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी शिनाख्त गाजीपुर जिले के जमानिया थाना क्षेत्र के बेटावर निवासी दीपक राय के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से शीतला माता मंदिर से चोरी किए गए 41 पारदर्शी डिब्बे में सोने और चांदी के आभूषण बरामद किया। बताया कि 50 नग जेवरात चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया गया था। जबकि चोर द्वारा 47 नग जेवरात चोरी होने की बात स्वीकार की, पुलिस ने इसके पास से 41 नग जोड़ी जेवरात बरामद किया। आरोपी ने बताया कि घटना को साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। उधर इस मामले में गठित तीन टीमें दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है।
समिति के सदस्यों ने अधिकारियों को किया सम्मानित
शीतला माता मंदिर में बीते रविवार की रात को चोरों ने मां शीतला के लाखों रुपये के आभूषणों को चोरी कर लिया था। घटना का खुलासा होने पर पुजारी और समिति के सदस्यों ने एएसपी महेश सिंह अत्री, क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पाण्डेय कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह समेत टीम के सदस्यों को सम्मानित किया ।