जिले में अलग-अलग हुई अगलगी की घटनाओें से खेत में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लोगों ने खुद के प्रयास से आग बुझाई, हालांकि तब तक फसल जलकर राख हो चुकी थी। सूचना देने के बावजूद फायर बिग्रेड की गाड़ियां सबकुछ तबाह हो जाने के बाद पहुंचीं।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के बेरुकी जमदरा गांव में शनिवार की दोपहर डेढ़ बजे बिजली का तार टूटकर गिरने के दौरान निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। खड़ी फसल में अचानक उठ रही आग की लपटों को देख ग्रामीण अपने हाथों में भीगे बोरे, झाडू व आग बुझाने का उपकरण को लेकर घटना स्थल की तरफ भाग कर पहुंचे। गांव वाले घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके। अगलगी की इस घटना में लक्ष्मी सिंह, फूलचंद, राजभर, मोतीचंद, कैलाश, सुभाष सिंह का लगभग ढाई बीघा गेहूं की फसल जल कर खाक हो गयी। ग्रामीणों ने बताया कि खेतों के ऊपर से विद्युत तार गया है। ये तार काफी ढीले हो गये थे तथा हवा चलने पर आपस में टकराते रहते थे। फिलहाल मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने क्षति का जायजा लिया।
मधुबनः ग्राम सभा भेड़वरा मल निवासी किशुनधारी व कमलदेइया के खेत के ऊपर से हाईटेंशन का तार गया है। शनिवार की दोपहर लगभग एक बजे अचानक हाईटेंशन का तार टूटकर गिर गया। जिससे पकी फसल में आग लग गई। चारो तरफ से लोगों ने पहुंचकर आग को झाड़ से पीट-पीट कर काबू पाया। इसमें विशुनधारी का लगभग 20 और कमलदेइया का 16 बिस्सा गेहूं की फसल जल गई। रानीपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के खुरहट के बलुआ पोखरा व महासों के एकडगा मौजे में शनिवार को बिजली का हाईटेंशन तार टूटकर गेहूं के खेत में गिर गया। इसकी चिंगारी से लगभग दर्जन भर किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से खुरहट बलुआ निवासी श्रीनिवास का दस बिस्वा, गुलाब निवासी खुरहट का दस बिस्वा, रामनाथ निवासी खुरहट का दस बिस्वा, रामसोच निवासी खुरहट का दस बिस्वा, विशुनदेव निवासी खुरहट का चौदह विस्वा, सुरेंद्र निवासी खुरहट चौदह विस्वा, श्रीपत निवासी खुरहट का दस विस्वा, राजपत निवासी महासों का पंद्रह विस्वा, सुनील निवासी महासों का पांच विस्वा, श्यामलाल निवासी खुरहट का पांच विस्वा, अच्छेलाल निवासी खुरहट का पांच विस्वा, रामधनी निवासी महासों का चार विस्वा की गेहूं की फसल जल गई। उधर, परदहां ब्लाक के नसोपुर गांव में शनिवार को शार्ट सर्किट से डेढ़ बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। जिसके बाद किसान अमरनाथ राजभर, सुरेंद्र, सुरसतिया, मनीष सहित कई किसानों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।