दोहरीघाट थाना क्षेत्र के ग्राम अतरसावा निवासी आफताब की मौत के बाद शोकाकुल परिजन।संवाद
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के अतरसावा निवासी वेल्डिंग मिस्त्री आफताब अहमद (30) की शुक्रवार की शाम बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बीते 8 जुलाई की शाम आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के बलपुर पुलिया के पास आफताब घायल अवस्था में मिले थे। पिता तफज्जुल अहमद ने दोहरीघाट थाना पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है।
पिता ने बताया कि बीते 8 जुलाई को थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बेटे का दोस्त उसे अपने साथ बुलाकर ले गया था। उसी दिन शाम करीब चार बजे गांव निवासी मदिश अहमद आजमगढ़ जिले के लाटघाट से लौट रहे थे।
लाटघाट-अमिला मार्ग पर बलपुर पुलिया के समीप सड़क किनारे बाइक खड़ी देख उन्हें संदेह हुआ। पास जाकर देखा तो आफताब गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा था। वहां पहुंचकर उन्होंने उसे घोसी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शाम को आफताब का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
डेढ़ साल पहले आफताब की शादी हुई थी। अभी उसकी कोई संतान नहीं है। पिता का आरोप है कि बेटे के दोस्त ने कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश और आपराधिक षड्यंत्र के तहत मारपीट कर उसे घायल कर दिया था।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामायण सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना रौनापार थाना क्षेत्र की है। समन्वय स्थापित कर परिजनों को रौनापार थाना भेजा गया है, जहां मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।