कलेक्ट्रेट सभागार में एक जनपद एक उत्पाद के तहत हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग की बैठक को संबोधित करते रमारमण।
- फोटो : mau
शासन की ‘एक जनपद एक उत्पाद‘ हथकरघा एवं वस्त्रोउद्योग की बैठक आयुक्त एवं निदेशक हथकरघा वस्त्रोद्योग उप्र कानपुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। बुनकरों की मांग पर आयुक्त ने उनके लिए अलग विद्युत फीडर लगाने का निर्देश दिया। कहा कि बुनकरों की दशा सुधरे इसके लिए विभाग बेहतर कदम उठाने जा रहा है। उनके हित के लिए कई और योजनाएं बनाई जाएंगी।
आयुक्त को बताया गया कि यहां के गरीब बुनकर साड़ी बुनाई करते हैं और साड़ियों को बाहरी क्षेत्रों में बेचने में परेशानी होती है। इसके साथ ही बिजली की समस्या से बुनकरों को खासी परेशानी होती है। आयुक्त ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत को बुनकरों को अलग से विद्युत फीडर लगाने के निर्देश दिया। बुनकरों के बच्चों की शिक्षा में सरकारी सहयोग की अपेक्षा की गई। बुनकरों ने शिकायत की उन्हें दुर्घटना बीमा का लाभ नहीं मिल पाता है।
आयुक्त ने एलडीएम को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ बुनकरों को दिलाया जाये। एलडीएम ने बताया कि बैंको में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना चल रही है। उसमें बुनकर फार्म भरकर योजना का लाभ ले सकता है।
जनपद में पावरलूम बुनकर की संख्या एक लाख 67 हजार है। जबकि 41 हजार पावरलूमों के माध्यम से जिले में पालिस्टर यार्न, ग्रे यार्न, जरी, नाईलान, विसकोज यार्न आदि से साड़ी एवं ड्रेस मैटेरियल तैयार किये जाते हैं। नगर सहित अदरी, कोपागंज, घोसी, कुर्थीजाफरपुर, खैराबाद, बलिदपुर, मुहम्मदाबाद गोहना, चिरैयाकोट आदि जगहों पर साड़ी एवं ड्रेस मैटेरियल तैयार किये जाते है। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी, पूर्व चेयरमैन अरशद जमाल के साथ ही सीडीओ आशुतोष द्विवेदी, एलडीएम, वस्त्रोद्योग अधिकारी हथकरघा और अन्य जनपदीय स्तरीय अधिकारी और बुनकर उपस्थित रहे।