मऊ। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के पुराना आलिया अस्पताल के पास बुधवार की शाम सात बजे के करीब सिलिंडर से भरे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार बुनकर की मौत हो गई। घटना के समय बुनकर किसी काम से मिर्जाहादी का पुरा जा रहा था। तभी अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आया।
मृत बुनकर मुनौव्वर अंसारी 50 पुत्र बशीर अहमद दक्षिणटोला थाने के प्रेमा राय मुहल्ले का निवासी था। बुधवार की शाम मुनौव्वर अपने दोस्त मो. कासिम के साथ किसी काम से मिर्जाहादी का पुरा जा रहें थे। जैसे ही उनकी बाइक पुराना आलिया अस्पताल के पास पहुंची, तभी सामने से सिलिंडर लादकर आ रहें ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। इस हादसे में बाइक पर पीछे सवार मुनौव्वर अंसारी छिटककर नीचे गिर गया। इस दौरान ट्रक की पहिया उसके उपर चढ गया। दुर्घटना में मुनैव्वर की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मृत मुनौव्वर बुनकरी कर परिवार का भरणपोषण करता था। परिवार में पत्नी के साथ एक बेटा है। माली हालत बहुत ही खस्ताहाल बताया गया।