मऊ। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जनपद स्तरीय स्कूल चलो अभियान रैली का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली कलेक्ट्रेट परिसर से गाजीपुर तिराहा होते हुए फातिमा गेट के पास स्थित शिक्षा विभाग कॉलोनी के प्राथमिक विद्यालय में पहुंची। जहां एक सभा का भी आयाेजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों के छात्र छात्राएं अपने-अपने हाथ में बैनर-पोस्टर लेकर पढ़ना है पढ़ाना है उन्नत देश बनाना है। घर छोड़ो, स्कूल चलो-स्कूल चलो-स्कूल चलो... जैसे नारे लगाते हुए चल रहे थे। महिला शिक्षिकाओं ने स्कूलों में बच्चों के शत प्रतिशत नामांकन और सड़क सुरक्षा, संचारी रोगों से रोकथाम के लिए भी जागरूक किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय भी स्वयं रैली में रहे। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील किया कि वह अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराएं और अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह, ओमप्रकाश तिवारी, अरविंद कुमार, धर्मेंद्र कुमार, सियाराम, जिला समन्वयक आलोक कुमार सिंह, जिला समन्वयक अवधेश कुमार सिंह, अजीत तिवारी, अनिल चौरसिया उपस्थित रहे।
एसआरजी अरविंद पांडेय ने रैली का संचालन किया।