दुबारी (मऊ)। ओवरहेड टैंक के मोटर में तकनीकी खामी आने से लगातार दो दिनों से दर्जनों गांवों में जलापूर्ति ठप है। शुद्ध पानी मयस्सर नहीं होने से लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी जलापूर्ति को बहाल नहीं किया जा सका है। फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के दुबारी गांव स्थित ओवरहेड टैंक से दुबारी, मोलनापुर, बिग्रहपुर, गोबरही, मैनपरवा, टमठा, भठिया, रतनपुरा, भानपुर,बिशेनदुबारी, खरगीपुर, रमऊपुर, मठिया, कौड़ीपुर, लक्ष्मीपुर, पालपुरा सहित 12 गांवों को जलापूर्ति की जाती है। मोटर में तकनीकी खामीसे लगातार दो दिनों तक जलापूर्ति बाधित होने से लोगों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है।
शुद्ध पानी के लिए लोगों को इधरसे उधर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों की मानें तो प्रदूषित ानी के सेवन से लोग पेटदर्दग, उल्टी, डायरिया सहित विभन्नि बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। इस संबंध में अजय गुप्त, रामबाज सिंह, पवन जयसवाल, डॉ. कमरुद्दीन अहमद का कहना है कि आए दिन तकनीकी खामी आने से जलापूर्ति बाधित हो रही है। इसी क्रम में सुरेंद्र शर्मा, शारदा गोड़, मुन्ना मौर्य, मनीष यादव का कहना है कि समस्या का समाधान अविलंब नही हुआ तो अब हम लोग तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य हो जाएंगे। इस बाबत जल निगम के अवर अभियंता कौशल कुमार का कहना है कि मामला संज्ञान आया है। समस्या का समाधान करने का प्रयास जारी है।