दरियाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शोपीस बना ओवरहेड टैंक।संवाद
दरियाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझवारा दरियाबाद पर साल 2021 में निर्मित ओवरहेड टैंक आज तक शोपीस बना हुआ है। चार साल बीत जाने के बावजूद टैंक में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
जिससे अस्पताल के स्टाफ और इलाज के लिए आने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में बने इस ओवरहेड टैंक का उद्देश्य मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल व दैनिक उपयोग के लिए पानी उपलब्ध कराना था।
विभागीय लापरवाही के चलते यह योजना कागजों तक ही सीमित रह गई। हालत यह है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को पीने का पानी बाहर से मंगवाना पड़ता है, वहीं स्टाफ को भी निजी व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
मरीजों ने बताया कि अस्पताल में पानी की सुविधा न होने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को होती है। स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों का कहना है कि कई बार उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
ओवरहेड टैंक होने के बावजूद पानी की आपूर्ति शुरू न होना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है। लोगों ने मांग किया कि मामले की जांच कराई जाए और ओवरहेड टैंक को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बुनियादी सुविधा मिल सके।