रेल मंत्रालय के यात्री सुविधा समिति के चार सदस्यीय टीम ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। प्रथम चरण में स्टेशन पर यात्रियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं के बाबत जाना। स्टेशन पर सफाई, टिकट वितरण, खान-पान स्टॉल, वाटर बूथ एवं स्टेशन के रखरखाव का निरीक्षण समिति के सदस्यों ने किया।
टीम के सदस्यों ने पाया कि यात्री संख्या के सापेक्ष सुविधा का अभाव है। खासकर बैठने के लिए पर्याप्त बेंच व पंखों के साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर शेड का अभाव है। यात्रियों द्वारा सुलभ शौचालय द्वारा निर्धारित दर से अधिक शुल्क लिए जाने को समिति द्वारा चेतावनी दी गई। वहीं, प्लेटफॉर्म संख्या 2,3 व 4 के मध्य एक और शौचालय बनवाने का आदेश दिया गया। प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर यात्री प्रतीक्षालय प्राय: बंद रहने पर कमेटी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। सदस्यों ने यह सुविधा हमेशा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मंडल वाणिज्य निरीक्षक अतुल यादव व मंडल इंजीनियर सामान्य एनकेपी गुप्ता ने बताया कि यात्री सुविधाओं के बाबत विभाग को रिपोर्ट भेज दी गई है, शीघ्र ही आरओ पानी बूथ, पर्याप्त शेड, बेंच, मोबाइल चार्जर सहित तमाम सुविधाओं का व्यापक स्तर पर विस्तार हो जायेगा। निरीक्षण के बाद सदस्यों ने विशिष्ट अतिथि कक्ष में मंडल रेल यात्री परामर्शदात्री समिति
सदस्य श्रीराम जायसवाल, मण्डल वाणिज्य निरीक्षक अतुल यादव, मंडल इंजीनियर सामान्य एनकेपी गुप्ता, स्टेशन अधिक्षक जयप्रकाश राम, सीनियर एडीएम आशुतोष शुक्ला व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की । स्टेशन पर यात्री सुख-सुविधाओं पर व्यापक चर्चा की गयी और यात्री सुविधा विस्तार व सुधार कार्यों के क्रियान्वयन हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिये।