खुर्द गांव के शिव मंदिर के पास जल निगम का पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है जिसके कारण रोजाना पानी बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की है लेकिन कार्रवाई न होने से नाराजगी है लिहाजा इसे ठीक कराने की मांग कर रहे हैं।
दोहरीघाट ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत फरसरा खुर्द गांव स्थित शिव मंदिर के पास लगभग तीन महीने से जल निगम की इपलाइन में लीकेज है। इस कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। पानी बगल के खेत में भरने से बुआई भी प्रभावित हो गई है। इसकी शिकायत जलनिगम से करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
विज्ञापन
ब्लॉक क्षेत्र के गोंठा ओवरहेड टैंक से 16 गांव 32 पुरवो फरसरा खुर्द, खरकौली, लालजी का पूरा, कुसुम्हा, फरसरा बुजुर्ग, पनइल आदि गांव को शुद्ध जल की सप्लाई होती है, लेकिन बीते तीन माह पूर्व फरसरा खुर्द गांव में हर घर नल योजना के तहत नई पाइपलाइन बिछाई गई है। इस दौरान शिव मंदिर के पास पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे प्रतिदिन सुबह हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।
वहीं, किसान विजय राय का सड़क किनारे स्थित खेत में पानी जमा हो रहा है। इससे खेत की बुआई भी प्रभावित हो गई है। वहीं, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से घरों में पानी पूरे प्रेशर से नहीं पहुंच रहा है। इसको लेकर कई बार जल निगम से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अबतक क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हो सकी है।