प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का बुधवार को घोसी नगर के मझवारा मोड़ स्थित सर्वोदय पीजी कॉलेज में आयोजन हुआ।
इसमें वाराणसी के ट्रेड सेंटर से आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने देखा।
मुख्य अतिथि भाजपा के संगठन मंत्री विजय राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके आश्रित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल है।
खंड शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि योजना के माध्यम से शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर मुकेश कुमार, प्रधानाचार्य संजय कुमार, ओमकार, विक्रम सिंह, डॉ. राम विलास भारती, राजेश राम आदि शामिल थे।