त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना के मद्देनजर अंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को जारी कर दी गई। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्रवार को जिलेभर की 684 ग्राम पंचायतों की अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन जिला मुख्यालय के निर्वाचन कार्यालय सहित सभी तहसीलों, ब्लाक मुख्यालयों सहित ग्राम पंचायतों में हुआ।
इस बार पंचायत चुनाव में 1175724 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हालांकि यह संख्या पिछले बार वोट मतदाता सूची में शामिल लोगों से कम है। 2010 के चुनाव में यह संख्या 1392250 थी।
जिले में मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पिछले कई महीनों से ग्राम पंचायतों में चल रहा था। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में बीएलओ एवं पर्यवेक्षक की तैनाती की गई थी।
मतदाता पुनरीक्षण कार्य में भारी स्तर पर गड़बड़ी प्रकाश में आने के बाद अधिकांश गांवों में जनसंख्या से अधिक मतदाता होने के चलते जिलाधिकारी ने 20 से अधिक बीएलओ को निलंबित किया था। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 14 अगस्त को मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन होना था।
इसके चलते आनन फानन मतदाता सूची को दुरुस्त कर शुक्रवार को इसका प्रकाशन भी हो गया। जारी सूची में पहले की अपेक्षा दो लाख से अधिक मतदाता कम हो गए।
मतदाता संख्या कम होने के पीछे निर्वाचन विभाग का मानना है कि पूर्व में डबल मतदाता के चलते यह संख्या अधिक थी। शुक्रवार को मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद निर्वाचन कार्यालय से लेकर तहसीलों एवं ब्लाकों पर मतदाता सूची को देखने एवं उनकी प्रति लेने के लिए
लंबी कतार लग गई। सुबह से ही मतदाता सूची को पाने एवं उन्हें देखने के लिए चुनाव लड़ने वाले इच्छुक प्रत्याशी अपने-अपने ग्राम पंचायतों की सूची को लेकर मंथन करते नजर आए।