मौजूदा शिक्षा सत्र में 29 दिन और पढ़ाई होगी। अभी तक जिले के निजी स्कूलों के 60 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी नहीं बनी है। अपार आईडी बनाने में निजी स्कूल फिसड्डी है। प्रधानाचार्य बोर्ड परीक्षा का हवाला दे रहे हैं। विभाग की तरफ से मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है।
जिले में दो हजार से अधिक सरकारी और मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। इसमें अध्ययनरत दो लाख तीन हजार छह सौ 30 विद्यार्थियों की आईडी बनाई जानी है। विभागीय अधिकारियों की सख्ती के चलते सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का काम पूरा हो चुका है। वहीं अभी तक मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 26 प्रतिशत ही छात्र-छात्राओं की ही अपार आईडी बन सकी है। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह का कहना है कि जिले के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है। बोर्ड परीक्षा के बाद समीक्षा की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।