चिरैयाकोट कस्बे के मुख्य मार्ग से महतवाना मोहल्ला वार्ड संख्या 11 तक जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। गत दिनों हुई बारिश के बाद लोगों को नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज वार्डवासियों ने शनिवार को प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर पंचायत का गठन हुए लंबा समय बीत जाने के बाद भी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं।
जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण लोगों के घरों का पानी सड़क पर बहता रहता है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद जगह-जगह गंदा पानी जमा हो गया है। लोगों को गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि जगह-जगह पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। नाली निर्माण के लिए नगर पंचायत कार्यालय में कई बार शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
प्रदर्शन करने वालों में चंद्रभान मौर्य, सुनील कुमार मौर्य, चंद्रिका मौर्य, इंद्रदेव मौर्य, पप्पू मौर्य, मिश्री मौर्य, बालमुकुंद मौर्य, अमीर खान, जावेद खान, इमरान, सलीम, नासिर, सोनमती, प्रमिला और राजकुमारी शामिल थीं।
इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी छोटेलाल तिवारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलने पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा नाली निर्माण कराया जाएगा।