मऊ। लोकसभा चुनाव को लेकर 115 सेक्टर एवं 11 जोनल मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। यह आयोजन जिला विकास अधिकारी और सहायक प्रभारी अधिकारी कार्मिक उमेश चंद तिवारी की अध्यक्षता में हुआ।
सहायक नोडल अधिकारी कार्मिक साहित्य निकष सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव पारदर्शी तरीके से कराना सबकी जिम्मेदारी है। मतदान परिसर के 200 मीटर के अंदर कोई प्रत्याशी प्रचार प्रसार या भाषण न दे, इसका ध्यान रखें। पोलिंग पार्टिया राजनीतिक दलों का प्रलोभन स्वीकार नहीं करेंगी। मतदान पार्टियां मॉक पोल का विशेष ध्यान देंगी। मॉक पोल कराने के बाद ही मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। ईवीएम खराब होने की दशा में रिजर्व मशीन उपलब्ध कराना है। समस्त सेक्टर और जनरल मजिस्ट्रेट पीठासीन अधिकारियों का एमटीएस एप पर पंजीकरण अनिवार्य है। इस एप के माध्यम से वोटर से संबंधित जानकारी फीड की जाएगी। ईवीएम मास्टर ट्रेनर अभिनव श्रीवास्तव एवं लवकुश सिंह ने ईवीएम, वीवी पैड एवं कंट्रोल यूनिट के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट अनुपस्थित रहे। इस अवसर पर डीसी मनरेगा उपेंद्र पाठक, सहायक उपायुक्त उद्योग सगीर अहमद, जनरल मास्टर ट्रेनर भूपेंद्र वीर सिंह सहित सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।