उत्तर प्रदेश वित्तविहीन शिक्षक संघ के तत्वावधान में माध्यमिक शिक्षकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को डीएवी इंटर कालेज पर धरना प्रदर्शन किया।
मूल्यांकन के छठे दिन भी गुट अपनी मांगों पर अडिग रहते हुए कार्य से दूरी बनाए हुए है। मूल्यांकन पर लौटने वाले शिक्षकों का भी विरोध किया गया।
धरने को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि जब तक शिक्षकों की मांग सरकार पूरा नहीं करती, तब तक मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा। शिक्षा के क्षेत्र में 70 प्रतिशत भागीदारी वित्तविहीन शिक्षकों की है। जबकि एक शिक्षक गुट शिक्षकों के साथ धोखा कर रहा है। पूरे प्रदेश में मूल्यांकन का बहिष्कार सफल है।
शिक्षक अपनी मांग पर अडिग हैं। कुछ तत्व भ्रामक तथा झूठी अफवाह फैलाकर शिक्षकों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। अब शिक्षक ऐसे धोखेबाजों की चाल में फंसने वाला नहीं है।
इसी क्रम में शिक्षक नेता विजय बहादुर सिंह ने कहा कि सरकार ने वादाखिलाफी कर शिक्षकों के साथ धोखा किया है। तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी घोषणा पत्र लागू नहीं किया।
वित्तविहीनों के मानदेय की मांग जायज है। शिक्षक हित मेें मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार जारी रखने का आह्वान किया। धरने मेेें दिनेश सिंह, रामदर्श यादव, रामअवतार, अशोक कुमार, जितेंद्र यादव, सुधीर श्रीवास्तव आदि शामिल थे। मधुबन संवाददाता के अनुसार शहीद इंटर कालेज के परिसर में चल रहा वित्तविहीन शिक्षकों का मूल्यांकन बहिष्कार शनिवार को जारी रहा। इस अवसर पर वित्तविहीन शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शासन के मुख्य एजेंडे में चुनाव के समय हम लोगों की मांगे शामिल थी। लेकिन सरकार को उसे लागू करने में पूरे तीन साल बीत गए अब सरकार यूं टर्न ले रही है। धरने को रामकिशोर, करुणाशंकर यादव, रामअवतार, अमरजीत यादव, हरिप्रसाद मिश्र आदि ने संबोधित किया।