जनपद में तीन दिवसीय किसान मेला एवं प्रदर्शनी का समापन हो गया। इस दौरान दूरदराज से एकत्रित किसानों ने कृषि वैैैज्ञानिकों और प्रगतिशील कृषकों खेती की आधुनिक तकनीक सीखी। तीसरे दिन शनिवार को कार्यक्रमों का उद्घाटन नगर पालिकाध्यक्ष शाहिना अरसद जमाल ने दीप जलाकर किया।
उन्होंने स्टालों और प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उप कृषि निदेशक डा.आशुतोष मिश्र ने उनको मेले के बारे में जानकारी दी। राज इंटर कालेज के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया ।
फातिमा स्कूल के बच्चों नाटक के जरिए बेटियों की हिफाजत और उनको पढ़ाने का संदेश दिया। तकनीकी सत्र में वरिष्ठ वैज्ञानिक डा.एनके सिंह ने कृषकों को बताया कि तीन चार वर्षों से लगातार वर्षा कम होती जा रही है।
चालू वर्ष में भी बारिश बहुत कम हुई है, इसलिए कम पानी में ऐसी फसलों तथा प्रजातियों का प्रयोग करें जो कम से कम सिंचाई में उत्पादित हो सके।
उन्होंने भविष्य में भी बारिश कम होने की आशंका जताई। कहा कि कम सिंचन क्षमता वाली प्रजातियों की बुआई के साथ जैविक खेती की जाय। उन्होंने किसानों के प्रश्नों का जबाव दिया।
उप कृषि निदेशक ने फसल बीमा के संबंध में बताया कि भारत सरकार द्वारा संशोधित राष्ट्रीय फसल बीमा योजना एक अप्रैल 2016 से लागू हो रही है। बीमा कंपनी का कार्यालय मऊ में भी खुलेगा। उसके बाद फसल बीमा तथा मुआवजे के भुगतान की कोई समस्या नही रह जायेगी। उन्होंने बताया कि ढैंचा के बीज हेतु प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
राजेश जादूगर ने अपनी जादू कला के माध्यम से खेती किसानी की विधिवत एवं विचित्र जानकारी किसानों को दी। देव पब्लिक स्कूल की छात्रा ने ‘सत्यम शिवम सुन्दरम’ नामक गीत से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला कृषि अधिकारी विकेश कुमार, डा. डीपी सिंह, डा. एनके सिंह, डा. बीके सिंह , जिला गन्ना अधिकारी कु.सना आफरीन आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।