रेल मार्ग पर रेल समपार को पुन: बनवाने की मांग को लेकर धरना देतीं ग्रामीण महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
मुहम्मदाबाद गोहना। तहसील क्षेत्र में खुरहट-मुहम्मदाबाद गोहना रेल मार्ग खंड पर उतरेजपुर गॉव के पास सैकड़ों साल पूर्व बने समपार 12 सी को रेलवे द्वारा लगभग बंद कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन की समस्या उत्पन्न हो गई।
नाराज दर्जनों गॉवों के लोगों ने बंद किए गए समपार को खोलने की मांग करते हुए बुधवार को रेल ट्रैक पर धरना दिया और रेल प्रशासन के विरूद्घ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसडीएम व क्षेत्राधिकारी के साथ रेलवे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया बुझाया। साथ ही उन्हे एक माह के समपार को दूसरे समपार से जोड़ने या फिर अंडरपास बनाने का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन से लगभग 3 किमी पूरब उतरेजपुर जैगवा गॉव के पास आर पार जाने के लिए बने समपार को रेलवे महकमा द्वारा 9 माह पूर्व तोड़ दिया गया था। इसके बाद सड़क से उत्तर व दक्षिण तरफ के लोगो को आने जाने में तमाम परेशानियां हो रही है। कई बार मांग व धरना के बाद भी रेल महकमा ग्रामीणों की मांगों को लेकर गंभीर नही हो रहा था।
इस बीच बुधवार को सैकड़ो की संख्या में आसपास के गॉवो से जुटे महिला व पुरुषों ने रेल मार्ग पर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों के धरना प्रदर्शन की सूचना पर उपजिलाधिकारी हरेराम यादव सीओ आलोक जायसवाल के अतिरिक्त सर्किल के तीनों थाना के दरोगा व पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए।
एसडीएम ने पहले ग्रामीणों से वार्ता किया। ग्रामीण अंडरपास बनाने अथवा समपार बनाने की मांग से कम कुछ भी सुनने को तैयार नही थे। इसके बाद एसडीएम ने रेल मंडल इंजीनियर से वार्ता किया। रेल अधिकारियों ने एसडीएम को आश्वस्त किया कि एक माह के भीतर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। रेलवे अधिकारियों से वार्ता के बाद उपजिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि समपार 12 सी को 13 सी से एक महीने के अंदर जोड़ दिया जाएगा।
उपजिलाधिकारी द्वारा दिए गए इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त किया।सुबह 9 से चल रहा धरना दोपहर 1बजे समाप्त हुआ। धरना में आधा दर्जन ग्राम प्रधानों के साथ ही भारी संख्या में महिलाएं व बच्चे शामिल रहे।इस मौके पर चिरैयाकोट, रानीपुर , मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली, जी आरपी व आरपीएफ के महिला व पुरुष पुलिस कर्मी मौजूद रहे।