चकसहजा गांव में अधूरे मार्ग को पूरा करने के लिए ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन।संवाद
मुहम्मदाबादगोहना ब्लॉक क्षेत्र के चकसहजा गांव में अधूरी सड़क निर्माण पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। रविवार को नाराज ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
साथ ही आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि करहां बाजार से चकसहजा गांव से आजमगढ़ जिले के छतउर गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निर्माण एक वर्ष पूर्व कराया गया था।
यह सड़क मऊ और आजमगढ़ जनपद के बीच आवागमन का प्रमुख मार्ग है, जिससे प्रतिदिन लोग गुजरते हैं। आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान आलोक सिंह के घर के सामने लगभग 10 मीटर हिस्से में पुलिया निर्माण के कारण सड़क अधूरी छोड़ दी गई। उस समय विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्था ने जल्द ही शेष सड़क बनाने का आश्वासन दिया था लेकिन निर्माण कार्य पूरी नहीं हो सका है।
बरसात में बड़ा गड्ढा बन गया है। इससे आए दिन स्कूली छात्र-छात्राएं गिरकर घायल हो रहे हैं। इस मौके पर मुख्य रूप से राकेश कुमार, राजेश, राजन, प्रमोद, बृजलाल कोटेदार, संदीप, अमित, हैप्पी, श्याम नारायण, प्रिंस, सुभावती देवी आदि शामिल थे। संवाद