पिपरीडीह। वाराणसी-भटनी रेल खंड स्थित पिपरीडीह रेलवे स्टेशन से पश्चिम स्थित पिपरीडीह गांव के पास स्थित रेलवे क्रासिंग फाटक संख्या सी सिक्स को स्थायी रूप से बंद करने के लिए मंगलवार को रेलवे कर्मचारी पहुंचे। रेलवे की टीम सड़क बंद करने के लिए जेसीबी से खोदाई कराने लगी। इसकी जानकारी होने पर पहुंचे आसपास के ग्रामीणों ने रेलवे क्रासिंग बंद करने के विरोध में प्रदर्शन कर नारेबाजी की और खोदाई का काम बंद करा दिया। सूचना पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन प्रदर्शनकारी वे नहीं माने। प्रदर्शनकारियों ने रेल अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
रेलवे स्टेशन से पश्चिम स्थित पिपरीडीह गांव के पास रेलवे क्रासिंग फाटक संख्या सी सिक्स स्थायी रूप से बंद करने के लिए मंगलवार को रेलवे की टीम पहुंची। इसकी जानकारी होते ही पिपरीडीह, पतिला, हासपुर, मड़इया, सरेजा आदि गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और रेलवे क्रासिंग बंद करने के विरोध में प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिपरीडीह गांव के पास बने फाटक संख्या सी सिक्स को बंद करने से लोगों को काफी घूम कर आना जाना पड़ेगा। गांव के ज्यादातर किसानों का खेत रेलवे लाइन के उस पार है। रेलवे क्रासिंग बंद होने के कारण खेती किसानी का कार्य भी प्रभावित होगा। कम से कम यहां पर अंडरपास बनाया जाए ताकि लोगों को आवागमन में आसानी हो। ग्रामीणों की ओर से काम बंद कराने की सूचना पर आरपीएफ प्रभारी डीके राय, सहायक अभियंता दीपक, आईडब्ल्यू दिलीप कुमार, डीडब्ल्यूआई मंडल सिकंदर, एसओ सरायलखंसी मौके पर पहुंचे। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने। प्रदर्शन करने वालों में राकेश कुमार गुप्ता, आनंद कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, पुनीत सिंह, सत्येंद्र सिंह, परवेज अहमद, प्रेमनाथ गोड़, गिरीश शामिल रहे।