कोपागंज (मऊ)। विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर आवंटित होने के बाद भी ट्रांसफार्मर न लगाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को विद्युत उपकेंद्र का पहले घेराव किया। इसके बाद राष्ट्रीय राज्यमार्ग 29 पर जाम लगा दिया। करीब 30 मिनट जाम से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे जमीन डांडी ग्रामसभा के राजभर बस्ती के 50 से ज्यादा महिलाएं-पुरुष पहले डांडी विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने उपकेंद्र का घेराव करने के बाद गांव के समीप से गुजरे राष्ट्रीय राज्यमार्ग 29 पर जाम लगा दिया। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राजभर बस्ती में विद्युत आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर आवंटित है। लेकिन गांव का एक दबंग किस्म का व्यक्ति ट्रांसफार्मर नहीं लगाने दे रहा है। कई बार ट्रांसफार्मर लगाने की मांग को लेकर स्थानीय अधिकारियों से लेकर प्रशासन के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। मजबूरन वो अपनी मांग को पूरा करने के लिए विरोध प्रदर्शन को बाध्य हो रहे है।
उधर, जाम से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर कोपागंज एसओ अजय कुमार तिवारी ने पहुंचकर प्रदर्शनकारियों की मांग को आला अधिकारियों से अवगत कराकर उनकी समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त किया।