मऊ विद्युत निगम और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को विद्युत वितरण खंड प्रथम के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली चोरी पकड़ी। बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे। साथ ही 12 लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी में मुकदमा दर्ज कराया।
अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार के नेतृत्व में ओल्ड पावर हाउस क्षेत्र बास की मस्जिद, कासिमपुर, सोनिया बाड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत निगम और विजिलेंस टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ छापेमारी की। 34 परिसरों की चेकिंग के दौरान 10 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। साथ ही फैजुल हसन, आमिर फजल, असलम, शादाब अनवर, वकील अहमद, अली नवाज, लियाकत अली, महताब आलम, नूरुद्दीन, शाहनवाज सरोवर, फैजल रहमान सहित 12 लोगों के विरुद्ध विद्युत चोरी में मुकदमा दर्ज कराया गया। टीम ने विद्युत चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे केबल आदि जब्त करते हुए वीडियोग्राफी की। टीम में अधिशासी अभियंता भुवनराज सिंह, एसडीओ प्रकाश सिंह आदि शामिल रहे।