इंदारा। सरकार की तरफ से यूरिया के दामों में कटौती करने के बाद भी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के बाजारों में दुकानदार पुराने दर से भी अधिक कीमत पर बेच रहे हैं। जबकि कृषि विभाग ने जिले में यूरिया की बिक्री के दाम घोषित कर दिए हैं। नए रेट पर ही यूरिया की बिक्री करने का आदेश सभी प्राइवेट दुकानों और सहकारी समितियों को दिए गए हैं। इसके बाद भी अधिक कीमत वसूलने का खेल चल रहा है।
सरकार की तरफ से निर्धारित 50 किग्रा यूरिया बैग की कीमत 330.50 रुपये से घटकर 295 रुपये प्रति बैग हो गई है। 45 किग्रा यूरिया बैग का दाम 299 से घटकर 266.50 रुपये प्रति बैग हो गया है। कोपागंज ब्लाक के विभिन्न बाजारों में निर्धारित मूल्य से अधिक दामों पर यूरिया धड़ल्ले से बिक रही है। 45 किग्रा यूरिया का बैग क्षेत्र में खुलेआम 330 रूपये की दर से बेची जा रही है। नए रेट पर ही यूरिया की बिक्री किसानों को करने के आदेश सभी प्राइवेट दुकानों और सहकारी समितियों को दिए गए हैं।
सरकार ने प्रदेश में यूरिया पर लगने वाले अतिरिक्त कर (एससीटीएन) को समाप्त कर दिया है, जिससे यूरिया के दामों में कमी आई है। यूरिया की नई घटी हुई खुदरा बिक्री की दरें 12 जनवरी 2019 से प्रभावी कर दी गई हैं। निजी क्षेत्र के थोक एवं फुटकर उर्वरक विक्रेताओं को सहकारी क्षेत्र के बिक्री केंद्रों और सहकारी समितियों पर पुराने दर की यूरिया काफी मात्रा में उपलब्ध है, जिनके बैग पर अधिकतम खुदरा मूल्य पुराना अंकित है। इन अंकित मूल्य के स्थान पर 12 जनवरी से नई दरों पर यूरिया की बिक्री किए जाने के आदेश दिए हैं। इसके बाद भी नियम को ताक पर रखकर दुकानदार किसानों से मनमाना दाम वसूल रहे हैं। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की जा सकी है।