2014 से पहले देश पर जब आतंकवादी हमले होते थे तो सपा-बसपा के समर्थन से चलने वाली केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री केवल हमलों की निंदा ही करते थे। लेकिन जब जनता ने देश की बागडोर नरेंद्र मोदी को सौंप दी तो हालात बदल गए। अब भारतीय सेना सर्जिकल स्ट्राइक कर दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दे रही है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभा में उमड़ी भीड़ से पूछा कि 2024 में गरीबों का साथ देने वाले को प्रधानमंत्री बनना चाहिए या गुंडों और अपराधियों का साथ देने वाले का। विकास करने वालों की सरकार बननी चाहिए या विकास के नाम पर कागजी कार्रवाई करने वालों की।
मऊ के कोपागंज में जनसभा
- फोटो : अमर उजाला
डिप्टी सीएम ने आह्वान किया कि घोसी लोकसभा सहित पूरे प्रदेश की सभी सीटों पर कमल का फूल खिलाना है। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव को लेकर काफी लोग आएंगे प्रचार करने। कोई जात-पात की बात करेगा तो कोई तुष्टिकरण की राजनीति करने का खेल खेलेगा। लेकिन उनके झांसे में नहीं आना है। कमल ही खिलाना है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 के पहले घोसी लोकसभा की स्थिति काफी खराब थी। लेकिन यहां कमल खिलते ही सरकार ने गुंडों को बिल में घुसने को विवश कर दिया। विकास की बात करते हुए कहा कि मऊ जैसे छोटे जिले में 41 हजार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास बुनियादी सुविधाओं के साथ देने का काम किया गया है। कहा कि गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास किसी राजमहल से कम नहीं है। कहा कि देश के 50 करोड़ गरीबों का बैंक में जनधन खाता खोला गया। 2019 से लगातार प्रति वर्ष दो-दो हजार रुपये की तीन किस्त बिना किसी बिचौलियो के किसानों के खातों में सीधे भेजी जा रही है।
पहले की सरकारों में 100 में से 85 रुपये बिचौलिए खा जाते थे। गरीबी को करीब से देखने वाला व्यक्ति ही गरीबों की पीड़ा समझ सकता है। बिना किसी भेदभाव के जल जीवन मिशन योजना के तहत सभी तक पानी और सौभाग्य योजना के तहत गरीबों के घर तक बिजली पहुंचाई जा रही है।जबसे भाजपा की सरकार आई है तब से गांवों को 16 से 18 घंटे और जिला मुख्यालयों को 24 घंटे बिजली देने का काम किया गया है। पहले बिजली आती नहीं थी, अब बिजली जाती नहीं है।