परीक्षा केंद्र से निकलती दुल्हन
- फोटो : अमर उजाला
मऊ नगर क्षेत्र की रहने वाली एक नवविवाहिता हाईस्कूल की छात्रा दुल्हन के श्रृंगार में नगर स्थित एक परीक्षा केंद्र पर चित्रकला की परीक्षा देने पहुंची। हाथों में मेहंदी और पूरे दुल्हन के शृंगार में छात्रा को देख सभी अचंभित हो गए। उसने पूरी निष्ठा और लगन के साथ चित्रकला की परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद सहेलियों ने नम आंखों से विदा किया।
नगर के मुंशीपुरा की रहने वाली गुड़िया कन्नौजिया सोनीधापा बालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा है। यूपी बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित होने से पहले ही छात्रा की शादी बलिया जिले के चिलकहर निवासी रवि कन्नौजिया के साथ तय हो गई थी।
हिंदू पंचांग के अनुसार शादी की तिथि नौ मार्च रखी गई थी। छात्रा गुड़िया ने शादी के साथ ही परीक्षाओं की तैयारी भी प्रारंभ कर दी थी और परीक्षाएं देने लगी। तयशुदा कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार की रात छात्रा गुड़िया की शादी थी। बलिया जिले के चिलकहर से बारात आई थी। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद उसने रात में अपने पति रवि के साथ सात फेरे लिए।
नवविवाहिता गुड़िया ने विदाई से पहले अपनी परीक्षा की जिम्मेदारी को समझा और परिवार और पति के साथ सोनीधापा बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर पहुंची। हाथों में मेहंदी और पूरे दुल्हन के शृंगार में छात्रा को देख सभी अचंभित हो गए। उसने पूरी निष्ठा और लग्न के साथ चित्रकला की परीक्षा दी। पढ़ाई के प्रति छात्रा की निष्ठा और जागरूकता को देखते हुए प्रधानाचार्या और विद्यालय स्टाफ ने उसे सगुन देकर सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी।
छात्रा गुड़िया का कहना था क शादी जीवन का नया अध्याय है, लेकिन पढ़ाई भी उतनी ही जरूरी है। मैं किसी भी हाल में परीक्षा नहीं छोड़ना चाहती थी। पति रवि ने कहा कि उच्च शिक्षा हासिल करना आवश्यक है। इसके बाद कॉलेज से ही छात्रा अपनी ससुराल के लिए विदा हो गई। इस दौरान सहपाठी छात्राओं की आंखें नम रही।