दोहरीघाट। थाना क्षेत्र के इब्राहिमाबाद के पास शनिवार की शाम बेकाबू ऑटो ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऑटो को पकड़ कर जांच पड़ताल में जुट गई।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के गड़ेरिपुरा (गोंठा) निवासी ओमप्रकाश पाल (55) पावर हाउस के पास दुकान चलाते थे। शनिवार की शाम कुछ काम से दोहरीघाट जा रहे थे। इब्राहिमाबाद के समीप दोहरीघाट की तरफ से मऊ जा रहा ऑटो ने दूसरी साइड से आकर टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और घायल को स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी दोहरीघाट पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उपचार के लिए आजमगढ़ ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में मौत हो गई।
थाना प्रभारी सुभाषचंद यादव ने बताया कि ऑटो को पकड़ कर थाने उठा लाया गया है। रास्ते में मौत होने की सूचना मिली है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।