मऊ में सरायलखंसी थाने के सामने सड़क दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
मऊ में पुलिस लाइन के निकट नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की देर रात एक कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि चालक बच गया। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों के परिजनों का विलाप देखकर पड़ोस की एक युवती गश खाकर गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के भलयां गांव निवासी अशोक कुमार यादव (27) पुत्र प्रभुनाथ और उसका पड़ोसी श्यामसुंदर यादव पुत्र मोती यादव किसी काम से कार से शुक्रवार शाम बढ़ुआगोदाम की ओर गए थे। कार उनका साथी उसी गांव का खेसारी चला रहा था। लौटते समय पुलिस लाइन के समीप कार अचानक बेकाबू होकर सड़क के किनारे एक बड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर में अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई जबकि श्यामसुंदर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया किंतु कुछ ही देर में उसकी भी मौत हो गई। अशोक मोटर मेकेनिक का काम करता था और उसने तीन दिन पहले ही कार खरीदी थी। उसके दो बच्चे हैं। वहीं श्यामसुंदर यादव शहर के ही एक नामचीन नर्सिंग होम में लैब टेक्नीशियन था। उसे भी दो बच्चे हैं। मौत की सूचना से दोनों के घरों में कोहराम मच गया। उधर, पड़ोस के दो-दो घरों में परिजनों को रोते बिलखते देख बगल के घर की एक युवती बबिता (18) गश खाकर गिर पड़ी। जब तक लोग उसे अस्पताल ले जाते उसने दम तोड़ दिया।