नगर में बाइक पर स्टंट करने वाले दो लोगाें पर कार्रवाई करती यातायात पुलिस।
मऊ। यातायात माह में पुलिसकर्मी जहां बिना हेल्मेट के चलने वाले वाहन चालकों को फूल देकर नियमों का पालन करने की अपील कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ सड़क चलने वाले लोगों की जान खतरे में डालने वाले बाइक स्टंटबाजों पर सख्त कार्रवाई भी हो रही है।
सोमवार की शाम चेकिंग के दौरान मऊ-आजमगढ़ मार्ग पर दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के मतलूपुर के पास दो युवक बाइक से स्टंट करते दिखे। सूचना पर यातायात निरीक्षक श्याम शंकर पांडेय टीम के साथ पहुंचे। दोनों मऊ से आजमगढ़ जा रहे थे। सड़क पर चल रहे दूसरे राहगीरों की जान खतरे में डालने और यातायात नियम तोड़ने के अपराध में दोनों का 20-20 हजार रुपये का चालान काटा। इनके अलावा बीते एक साल में बाइक से स्टंट करने वाले 10 युवकों का चालान किया जा चुका है। साथ ही कई को हिरासत में लेकर कार्रवाई भी की गई। बीते 16 जुलाई को सरायलखंसी थाना क्षेत्र महाशो मोड़ के आस-पास आजमगढ़ फोरलेन पर बारिश में बाइक पर स्टंट करते किशोर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसे संज्ञान लेकर पुलिस ने संबंधित किशोर की बाइक सीज कर दी थी। किशोर चलती बाइक पर खड़ा होकर हैंडल छोड़ बाइक चला रहा था। यातायात निरीक्षक श्याम शंकर पांडेय ने बताया कि यातायात माह में वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा का पालन करते हुए वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ कुछ युवक और किशोर स्टंटबाजी कर राहगीरों की जान खतरे में डाल रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।