अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार को खाना बनाते समय दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाओं की मौत इलाज के दौरान जिला अस्पताल में होने पर उनके परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर परिवार एवं गांव के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी 35 वर्षीय सरोजा पति गुल्लू गुरुवार की सुबह अपने किचन में खाना बना रही थी।
इसी दौरान किंही कारणों से किचन में आग लग गई और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। परिवार के सदस्यों ने किसी प्रकार आग बुझाकर सरोजा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया है। एक दूसरी घटना मधुबन थाना क्षेत्र के सरफोरा गांव में हुई। 25 वर्षीय कौशल्या पति द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद अपने पिता शिवमूरत के घर रहकर अपना जीवन यापन कर रही थी। गुरुवार को वह खाना बना रही थी तो उसकी साड़ी में आग पकड़ ली। आग से वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिवार के सदस्यों ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया जहां उसकी देर शाम को मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को भी अपने कब्जे में लिया है।