मऊ। जिले के नौ ब्लाकों के मतगणना स्थलों पर शुक्रवार को वैरिकेडिंग किया गया। शनिवार को टेबल लगाए जाएंगे। दो मई को होने वाली मतगणना के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत पर दो मतगणना टेबल लगाए जाएंगे। इस प्रकार प्रत्येक ब्लाक पर लगभग 20 टेबल लगाए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, बीडीसी और सदस्य ग्राम पंचायत के चार पदों की गणना एक साथ कराई जाएगी। निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी और उनके स्टाफ के लिए एक टेबल लगेगा। एक टेबल पर एक पर्यवेक्षक के साथ चार गणना सहायक तैनात होंगे। सभी मतगणना कर्मियों की ड्यूटी 12-12 घंटे की होगी लेकिन रिलीवर कर्मचारी के आने के बाद ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी को कार्य मुक्त किया जाएगा।
सभी नौ ब्लाकों के लिए नियुक्त रिटनिंग अफसरों ने मतगणना की तैयारियां शुक्रवार की सुबह से शुरू करा दी। मतगणना स्थलों पर टेबल लगाने से लेकर वैैरिकेडिंग के कार्य किए गए। शनिवार को भी शेष बच गई तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। दो मई को सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। सबसे पहले मतपेटिकाओं में पड़े मतों को पदवार छांटा जाएगा। अवैध मतों की अलग गड्डी बनाई जाएगी। उसके बाद पदवार मतपत्रों की 50- 50 मतपत्रों की गड्डियां बनाई जाएंगी। जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, बीडीसी और सदस्य ग्राम पंचायत के मतों की गिनती एक साथ की जाएगी। एक प्रत्याशी के साथ केवल एक ही एजेंट को प्रवेश की अनुमति होगी। मतगणना स्थल पर उन्हीं एजेंटों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी जिनके पास कोविड की जांच रिपोर्ट होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह वंसल ने बताया कि मतगणना का कार्य पहली मई को सुबह आठ बजे से शुरू किया जाएगा। जब तक परिणाम नहीं आ जाएगा तब तक अनवरत गिनती जारी रहेगी। ग्राम प्रधान, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के परिणामों की घोषणा ब्लाक मुख्यालयों के मतगणना स्थल से ही की जाएगी लेकिन जिला पंचायत सदस्य पदों के परिणामों की घोषणा जिला मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी करेंगे।