संवाद न्यूज एजेंसी
बढुआ गोदाम। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान रविवार को दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। दोनों को एक ही केंद्र से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन लोगों को खोज रही है, जिनकी जगह ये दोनों परीक्षा देते पकड़े गए।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खानपुर गांव स्थित चंद्रदेव स्मारक महिला महाविद्यालय में भी सीटीईटी का सेंटर था। सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे की पाली की परीक्षा शुरू होने के बाद कक्ष संख्या चार में कक्ष निरीक्षक ने जांच शुरू की तो शिवानन्द संजय पाल पुत्र सुदरसन पाल और प्रियांजली वर्मा पुत्री महेश वर्मा के नाम के परीक्षार्थी की फोटो एवं परीक्षा कक्ष में बैठे परीक्षार्थी का फोटो का मिलान नहीं हो सका।
शक के आधार पर पूछताछ हुई तो परीक्षार्थी भागने लगे। मेन गेट पर सुरक्षा कर्मियों ने दोनों को पकड़ लिया। थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह ने बताया कि पकडे गए दोनों ने पूछताछ में एक ने अपना नाम दीपेश कुमार पुत्र सीताराम निवासी विसनपुरा पीपरा सुपौल विहार और दूसरे ने शिवानंद विश्वकर्मा पुत्र प्रेमचंद निवासी त्रिलोकी मंडा बलिया बताया है। कक्ष निरीक्षक पुष्पा यादव की तहरीर पर दोनों खिलाफ धोखाधड़ी एवं परीक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।